Bharat Times News 24।Bareilly Today News
निपुण भारत मिशन- मीरगंज के विद्यालयों का SPO प्रतिनिधि ने किया निरीक्षण, नवंबर के आकलन की तैयारियों का लिया जायजा
(Nipun Bharat Mission: SPO Representative Inspects Schools in Meerganj, Reviews Preparations for November Assessment)
By Dr. Sneh Kumar Singh Kushwaha (Bharat Times News 24)
Bareilly Today News
मीरगंज/बरेली। निपुण भारत मिशन के लक्ष्य को धरातल पर साकार करने के लिए विकासखंड मीरगंज में संचालित शैक्षिक गतिविधियों को लेकर शिक्षा विभाग लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में राज्य परियोजना कार्यालय (SPO) से आए प्रतिनिधि मुकुल उपाध्याय ने विकासखंड मीरगंज के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षिक गुणवत्ता, बच्चों के अधिगम स्तर और निपुण लक्ष्य की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कक्षा एक एवं दो के बच्चों की निपुण तैयारी पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रतिनिधि ने आकलन संदर्शिका के प्रभावी उपयोग, साप्ताहिक आकलन ट्रैकर, निपुण लक्ष्य तालिका, IEC सामग्री तथा निपुण प्लस ऐप के माध्यम से किए जा रहे आकलन की गहन समीक्षा की। इसके साथ ही विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (MDM), 19 पैरामीटर, चार बिन प्रणाली और इको क्लब की गतिविधियों का भी अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय पैगानगरी की उपलब्धि विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विद्यालय को चौथी बार निपुण बनने पर SPO प्रतिनिधि मुकुल उपाध्याय ने विद्यालय परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं प्राथमिक विद्यालय दियोसास में प्रभावी शिक्षण अधिगम सामग्री (TLM) के प्रयोग की सराहना की गई। प्राथमिक विद्यालय बल्लिया में कैचअप कार्यक्रम एवं कार्यपुस्तिका का संदर्शिका के साथ समन्वित उपयोग करने के संबंध में शिक्षकों को आवश्यक सुझाव दिए गए।
इस अवसर पर एसआरजी डॉ. लक्ष्मी शुक्ला ने भी विद्यालयों में संचालित शैक्षिक गतिविधियों का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों के सीखने के स्तर में निरंतर सुधार लाने, शिक्षण कार्य को प्रभावी बनाने तथा प्रत्येक बच्चे को निर्धारित निपुण लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
परियोजना टीम के साथ एआरपी गणित कुमुद कांत यादव ने भी सहयोगात्मक एवं सपोर्टिव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। खंड शिक्षा अधिकारी मीरगंज के कुशल मार्गदर्शन तथा एआरपी टीम के सदस्य पूनम, राजेश एवं अरविन्द सहित समस्त सपोर्टिव टीम के निरंतर प्रयासों से विकासखंड में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने और निपुण लक्ष्य हासिल करने की दिशा में सकारात्मक कार्य किए जा रहे हैं।
नवंबर के निपुण आकलन पर विशेष नजर-
आगामी नवंबर माह में प्रस्तावित निपुण आकलन को लेकर विकासखंड मीरगंज में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विद्यालय स्तर पर बच्चों की नियमित तैयारी, शिक्षकों का मार्गदर्शन और शैक्षिक गतिविधियों की निरंतर समीक्षा की जा रही है। शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि शिक्षकों की मेहनत, विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन और पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों से मीरगंज बेहतर परिणाम हासिल करेगा और जनपद का प्रथम निपुण ब्लॉक बनने की दिशा में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।
निपुण भारत मिशन केवल परीक्षा में बेहतर परिणाम प्राप्त करने का अभियान नहीं, बल्कि प्राथमिक शिक्षा की बुनियाद को मजबूत करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। बच्चों में पढ़ने, लिखने और गणितीय दक्षताओं का विकास तभी संभव है, जब विद्यालयों में शिक्षण कार्य निरंतर प्रभावी हो और प्रत्येक बच्चे की सीखने की प्रगति पर व्यक्तिगत ध्यान दिया जाए।
मीरगंज के विद्यालयों में हो रहे प्रयास, शिक्षकों की सक्रियता और विभागीय टीम का सहयोग निश्चित रूप से सराहनीय है। अब आवश्यकता है कि इन प्रयासों की निरंतरता बनी रहे, ताकि निपुणता केवल कागजों और आंकड़ों तक सीमित न रहकर प्रत्येक बच्चे की वास्तविक उपलब्धि बन सके।
Bharat Times News 24 — शिक्षा, समाज और जनहित की निष्पक्ष आवाज।






