Bharat Times News 24।Bareilly Today News
प्राथमिक विद्यालय सलामतगंज में माता उन्मुखीकरण बैठक, बच्चों की नियमित शिक्षा और स्वच्छता पर जोर
(Mother Orientation Meeting Held at Primary School Salamatganj, Emphasis on Regular Education and Hygiene)
By Dr. Sneh Kushwaha (Bharat Times News 24)
Bareilly Today News
मीरगंज/बरेली। प्राथमिक विद्यालय सलामतगंज, ब्लॉक मीरगंज में माता उन्मुखीकरण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की लगभग 35 माता-अभिभावकों ने प्रतिभाग किया। बैठक का उद्देश्य बच्चों के शैक्षिक, सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक विकास में अभिभावकों की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक गिरीश कुमार गुप्ता ने कहा कि बच्चों के चहुमुखी विकास में शिक्षा का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने सभी माताओं से अपील की कि वे अपने बच्चों को समय से और नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि उनकी शिक्षा के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व का भी समुचित विकास हो सके।
शिक्षा मित्र मोरपाल ने माताओं को संचारी रोगों से बचाव एवं उनसे संबंधित आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। वहीं सहायक अध्यापक मेघा यादव ने छात्र-छात्राओं की व्यक्तिगत साफ-सफाई, स्वच्छ आदतों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के बारे में विस्तार से बताया।
सहायक अध्यापक विनोद कुमार ने निपुण भारत मिशन एवं अर्धवार्षिक परीक्षा के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि नवंबर माह में कक्षा 1 से 5 तक के सभी छात्र-छात्राओं का निपुण असेसमेंट किया जाएगा, जिसे डायट के प्रशिक्षुओं द्वारा कराया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने, निर्धारित ड्रेस में भेजने तथा घर पर होमवर्क कराने की अपील की।

बैठक के दौरान माता-अभिभावक संगीता देवी ने मिड-डे मील से संबंधित जानकारी प्राप्त की, जबकि सोमवती ने छात्र-छात्राओं के डीबीटी के माध्यम से मिलने वाली धनराशि के संबंध में जानकारी ली। विद्यालय में कक्षा एक के गणेश बाबू, दीपक कुमार, सरिता, आराध्या सहित निपुणता प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और नियमित अध्ययन के माध्यम से निपुण बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकत्री गीता देवी सहित माता-अभिभावकों में संगीता देवी, क्रांति देवी, लीलावती, सोमवती, पूरन देवी, रामादेवी आदि उपस्थित रहीं। विद्यालय की रसोइया मीरा देवी एवं अनारकली ने सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था में सहयोग किया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक विनोद कुमार ने किया। अंत में प्रभारी प्रधानाध्यापक गिरीश कुमार गुप्ता ने बैठक में उपस्थित सभी माता-अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
बच्चों की शिक्षा केवल विद्यालय तक सीमित नहीं है। अभिभावकों की नियमित सहभागिता, बच्चों की स्वच्छता, समय पर विद्यालय पहुंचना और घर पर पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण उनकी सीखने की क्षमता को मजबूत करता है। ऐसे माता उन्मुखीकरण कार्यक्रम विद्यालय औरब अभिभावकों के बीच संवाद को बढ़ाने के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए साझा जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।





