HomeUncategorizedBharat Times News 24। Bareilly Today News मीरगंज में मतदाता पुनरीक्षण...

Bharat Times News 24। Bareilly Today News मीरगंज में मतदाता पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, लापरवाह BLO को फटकार; बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ सम्मानित (Review of Voter Revision Campaign in Meerganj: Negligent BLOs Pulled Up, Best Performers Honoured)

Bharat Times News 24। Bareilly Today News

मीरगंज में मतदाता पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, लापरवाह BLO को फटकार; बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ सम्मानित
(Review of Voter Revision Campaign in Meerganj: Negligent BLOs Pulled Up, Best Performers Honoured)

By Dr. Sneh Kushwaha (Bharat Times News 24)
Bareilly Today News।

मीरगंज (बरेली)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान को गति देने के लिए बुधवार, 25 नवंबर 2026 को तहसील सभागार मीरगंज में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी निधि शुक्ला ने की। बैठक में बूथवार फार्म-6 की फीडिंग एवं अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान फार्म-6 की फीडिंग में लापरवाही और खराब प्रगति पाए जाने पर संबंधित बीएलओ एवं सुपरवाइजर को कड़ी फटकार लगाई गई। उपजिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने बूथों पर प्रतिदिन पांच से अधिक फार्म-6 की फीडिंग सुनिश्चित करें, ताकि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित बीएलओ के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।

बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ सम्मानित-

बैठक में जहां लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए गए, वहीं फार्म-6 की फीडिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ ओमकार, नासिर अली एवं सुनीता सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके कार्य की सराहना करते हुए अन्य बीएलओ को भी इसी प्रकार सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

उचित दर विक्रेताओं को भी दिए गए निर्देश-

समीक्षा बैठक में तहसील मीरगंज के समस्त उचित दर विक्रेताओं के कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रत्येक उचित दर विक्रेता से उनके बूथ पर भरवाए गए फार्म-6 की प्रगति की जानकारी ली गई। जिन उचित दर विक्रेताओं द्वारा फार्म-6 भरवाने के संबंध में कोई संतोषजनक सूचना नहीं दी गई, उन्हें उपजिलाधिकारी ने कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल अपने-अपने बूथ पर फार्म-6 भरवाने का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।

उपजिलाधिकारी निधि शुक्ला ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं उचित दर विक्रेता पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में तहसीलदार मीरगंज रजत सिंह, रमेश दत्त मिश्रा, खंड विकास अधिकारी शेरगढ़, राजेंद्र प्रसाद, खंड शिक्षाधिकारी मीरगंज, गिरिजा शंकर, सुपरवाइजर पुष्पेंद्र सिंह, लोकेन्द्र सिंह एवं गिरन्द सिंह,सुनीता सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं पूर्ति निरीक्षक रवि कुमार सक्सेना के साथ तहसील क्षेत्र के उचित दर विक्रेताओं ने भी प्रतिभाग किया।

मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। इसमें प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना और अपात्र नामों का नियमानुसार निराकरण होना बेहद जरूरी है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की सफलता केवल प्रशासनिक बैठकों और निर्देशों से संभव नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर बीएलओ एवं संबंधित कर्मचारियों की सक्रियता से ही सुनिश्चित होगी। ऐसे में लापरवाही पर जवाबदेही तय करना और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करना एक सकारात्मक पहल है। जरूरत इस बात की है कि अभियान में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता बनी रहे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रह जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular