Homeस्नेह कुमार सिंह कुशवाहाBareilly News:रानी अहिल्या बाई होलकर-एक विरासत, एक प्रेरणा – विद्यालय में भव्य...

Bareilly News:रानी अहिल्या बाई होलकर-एक विरासत, एक प्रेरणा – विद्यालय में भव्य आयोजन

Bareilly News:रानी अहिल्या बाई होलकर-एक विरासत, एक प्रेरणा – विद्यालय में भव्य आयोजन



Bareilly News:नवाबगंज /बरेली-
जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज, हिमकरपुर चमरोआ में मराठा साम्राज्य की महान शासिका और समाजसेविका रानी अहिल्या बाई होलकर की 300वीं जयंती पर एक गरिमामयी एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन न सिर्फ ऐतिहासिक स्मृतियों को जीवंत करने का अवसर बना, बल्कि छात्राओं के भीतर आत्मबल और नेतृत्व की भावना को भी सशक्त रूप से जागृत करने का माध्यम बना।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री (किसान मोर्चा) नितीश उपाध्याय ने की। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार अल्ताफ मंसूरी की विशेष उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा में चार चांद लगा दिए। दोनों वक्ताओं ने अपने विचारों से छात्राओं को नारी नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सेवा के महत्त्व को समझाया।

इस अवसर पर विविध गतिविधियों के माध्यम से रानी अहिल्या बाई के जीवन चरित्र को विद्यार्थियों के समक्ष जीवंत किया गया। डॉ. फौज़िया नाज़ के निर्देशन में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें छात्राओं ने रंगों के माध्यम से रानी अहिल्या बाई की छवि और मूल्यों को रेखांकित किया। वहीं सुरेंद्र प्रताप द्वारा आयोजित बालिका दौड़ ने नारी शक्ति के उत्सव को और भी जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम का संयोजन हिन्दी शिक्षक यशपाल ने किया। उन्होंने, नितीश उपाध्याय और अल्ताफ मंसूरी के साथ मिलकर रानी अहिल्या बाई के बहुआयामी व्यक्तित्व और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बालिकाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा, सेवा और नेतृत्व के पथ पर अग्रसर होने का संदेश दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अजीत सक्सेना ने अतिथियों का स्वागत करते हुए छात्राओं को शिक्षित और जागरूक बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि रानी अहिल्या बाई जैसी विभूतियां इतिहास की पुस्तक में मात्र नाम नहीं, बल्कि जीते-जागते आदर्श हैं, जिनसे आज की पीढ़ी को सीखना चाहिए।

इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगणों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। यह आयोजन न सिर्फ इतिहास का स्मरण था, बल्कि यह आज की बेटियों को सशक्त भविष्य की ओर प्रेरित करने का एक सशक्त प्रयास भी था।

रिपोर्ट-डॉ स्नेह कुमार सिंह कुशवाहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular